by admin on | 2023-08-29 08:43:05
Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 372
लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में अभियान चलाकर युद्ध स्तर पर निराश्रित गौवंश का संरक्षण करेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रथम चरण में अभियान के तहत गोरखपुर, बरेली एवं झांसी मण्डल में 10 से 25 सितम्बर तक निराश्रित गोवंश को संरक्षित करने और उनके भरण-पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही योगी सरकार ने किसानों एवं पशुपालकों से अपील की है कि गोवंश को छुट्टा न छोडे़। वहीं अगर 25 सितम्बर के बाद इन मण्डलों के किसानों एवं पशुपालकों द्वारा गोवंश को छोड़ दिया जाता है तो उन पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
फोटो के साथ मुख्यालय को उपलब्ध कराएं निराश्रित गोवंश की सूचना
निराश्रित गौवंश का संरक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप पूरे प्रदेश में चरणबद्ध रूप से अभियान चलाया जाएगा और निराश्रित गौवंश को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाएगा। साथ ही उनके भरण-पोषण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत निराश्रित गौवंश की रोजाना सूचना फोटो सहित मुख्यालय पर उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय प्रशासन, मनरेगा एवं पंचायतीराज विभाग की सहायता से जनपदों में जल्द से जल्द अस्थायी गोआश्रय स्थल बनवाए जाएं और गोआश्रय स्थलों का क्षमता के अनुरूप विस्तारीकरण कराया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का रखा जाए विशेष ध्यान
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं में ईयर टैगिंग कराई जाए। चारागाह मुक्त भूमि की स्थिति की समीक्षा की जाए और उसे चारागाह के लिए उपयोगी बनाया जाए। बाढ़ प्रभावित जनपदों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे-भूसे, औषधियों एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए टीकाकरण की व्यवस्था कराई जाए। लम्पी स्किन रोग की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।