by admin on | 2023-11-07 11:59:16 Last Updated by admin on2026-02-04 04:20:18
Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 359
लखनऊ । दीपावली एवं छठ पर्व पर घर आने वालों का सफर परिवहन निगम आसान करेगा। योगी सरकार की तरफ से अतिरिक्त परिवहन की व्यवस्था की गई है। 12 नवंबर को दीपावली और 19 नवंबर को छठ का पर्व है। इस दृष्टि से प्रदेश के लोगों को अच्छी परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके, इसके लिए परिवहन निगम अपनी तैयारियां कर रहा है।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि 10 से 20 नवम्बर तक अधिक संख्या में बसों के संचालन किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दीपावली एवं छठ के पूर्व एवं पश्चात की तिथियों में यात्रियों का आवागमन अधिक संख्या में होता है। प्रदेश के लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, परिवहन निगम इसका ध्यान रखेगा। उन्होंने कहा कि बसों के संचालन में वृद्धि सहित कर्मचारियों की उपलब्धता एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिए परिवहन निगम इस अवधि में विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है। परिवहन मंत्री ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों को मुख्यतः दिल्ली, जयपुर, कानपुर, लखनऊ आदि नगरों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों में जाना होता है, जिसके लिए पर्याप्त संख्या में बसों के संचालन की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि छठ का पर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। लोग दूरदराज से इन क्षेत्रों में पहुंचते हैं। ऐसे यह निर्णय लिया गया है।