Latest News
Latest News Latest News

रामभक्तों को अयोध्या का दर्शन कराएंगी इलेक्ट्रिक बसें

by admin on | 2023-09-01 08:53:19

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 131


रामभक्तों को अयोध्या का दर्शन कराएंगी इलेक्ट्रिक बसें

लखनऊ/अयोध्या। मर्यादा पुरुषोतम श्रीराम की नगरी में राम लला के दर्शन के लिए देश-विदेश से रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर निर्माण पूरा होते ही यहां प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु देश विदेश से श्री राम का दर्शन करने के लिए आएंगे। अयोध्या आने के लिए उनको सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के लिए जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ व राम पथ का निर्माण प्रगति पर है। निर्माणाधीन पथों पर यात्रियों को यात्रा को और सुगम बनाने के लिए योगी सरकार ई -बस सेवा शुरू करने जा रही है। इन पथों के निर्माण के पहले अयोध्या धाम में ई-बस सेवा की शुरुआत हो जाएगी। शासन ने अयोध्या सहित प्रदेश के विभिन्न तीर्थो के लिए योजना बनाई है। 



एक साथ 25 ई-बसें खरीदी जाएंगी

शासन स्तर पर प्रदेश के लिए एक साथ ई-बसें खरीदी जाएंगी। अयोध्या के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने के लिए हरी झंडी दे दी गई है। इन बसों के वर्कशाप एवं चार्जिंग स्टेशन के निर्माण का जिम्मा उत्तर प्रदेश जल निगम की सीएण्डडीएस यूनिट - 44 को दिया गया है। वर्कशाप / डिपो के निर्माण के अलावा चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए चयनित एजेंसी को साढ़े 12 करोड़ की राशि आवंटित कर दी गई है।


पहले भी अयोध्या नगर में हो चुका है ई-बस सेवा का ट्रायल

अयोध्या में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चैत्र रामनवमी मेला के दौरान ट्रायल किया गया था। इसके लिए लखनऊ डिपो से बसें यहां भेजी गई थी। व्यवस्था की देखरेख के लिए लखनऊ से ही एआरएम सहित अन्य कर्मचारियों को भी अस्थाई रूप से तैनात किया गया था। इन बसों की चार्जिंग के लिए हाइवे पर स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे के परिसर में ही चार्जिंग स्टेशन बनाया गया था। राम पथ के निर्माणाधीन होने के कारण इनका संचालन शहर के बाहर ही किया गया। शासन की ओर से संचालित इलेक्ट्रिक बसों को फिलहाल नि:शुल्क ही नौ दिनों तक चलाया गया था। बस संचालन की सफलता के बाद यह निर्णय लिया गया था कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण व निर्माणाधीन पथों का निर्माण पूरा होने के साथ ही अयोध्या नगर में बाहर से आने वाले राम भक्तों को अयोध्या दर्शन करने के लिए ई-बस सेवा उपलब्ध ही कराई जाए।


Leave a Comment
Search